दर्री डेम में मिला ASI के 21 वर्षीय बेटे का शव, चार दिन से था लापता

कोरबा | छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्री डेम से 21 वर्षीय अर्जुन सिंह का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। अर्जुन, बांगो थाना में पदस्थ ASI धनंजय सिंह का बेटा था। वह 18 नवंबर को कॉलेज जाने के लिए बाइक से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
रविवार को मछली पकड़ने पहुंचे मछुआरों ने प्रगतिनगर स्थित दर्री डेम में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जांच में अर्जुन के मोबाइल की आखिरी लोकेशन डेम के आसपास मिली है। उसका मोबाइल और बाइक अब तक बरामद नहीं हुए हैं। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।