कोरबा: सीएसईबी के 1320 मेगावाट संयंत्र निर्माण स्थल से एक लाख के उपकरण चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

कोरबा | दर्री थाना क्षेत्र के सीएसईबी के निर्माणाधीन 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र से औद्योगिक उपकरण चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत के चोरी गए उपकरण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर की दरमियानी रात निर्माण स्थल से वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, केबल और कटर मशीन सहित अन्य उपकरण चोरी हुए थे। इस मामले में 30 अक्टूबर को ठेकेदार फर्म सिद्धि विनायक एसोसिएट्स के प्रार्थी सुधीर जैन ने दर्री थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रोहित शुक्ला और संदीप भोई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से दो वेल्डिंग मशीन, एक चश्मा मशीन, दो प्लाई कटर और एक ग्राइंडर सहित करीब एक लाख रुपये के उपकरण बरामद किए।दर्री पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के बाद 1 नवंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।